क्षेत्र की बंगाली कालोनियों से पखवाड़ा भर पूर्व गंगाजल लेने हरिद्वार गए कांवड़ियों के जत्थे शुक्रवार को वापस लौट आए। कांवड़ियों ने शिव मंदिर पर जलाभिषेक कर पूजा अर्चना की। क्षेत्र की नौजल्हा, महाराजपुर, गभिया सहराई, नगरिया खुर्दकलां, रमनगरा, मठइया लालपुर और पुरैना ताल्लुके महाराजपुर आदि से हर साल कांवड़ियों का जत्था गंगाजल लेने हरिद्वार जाता है। इस बार भी क्षेत्र के सैकड़ों की तादाद में कांवड़ियों करीब पखवाड़ा भर पूर्व गंगाजल लेने हरिद्वार रवाना हुए थे। इधर हरिद्वार गए कांवड़िये शुक्रवार सुबह वापस लौट आए। नगरिया कट पर ग्रामीणों ने कांवड़ियों का फूलमाला पहनाकर स्वागत किया। सभी कांवड़ियों का जुलूस की शक्ल में रमनगरा लाया गया। यहां कांवड़ियों ने शिव मंदिर में जलाभिषेक कर भगवान शिव का पूजा अर्चना की। मालूम हो कि परंपरा के मुताबिक कांवड़िये के हरिद्वार जाने के दौरान घर की महिलाएं हर दिन शाम को घर के बाहर पानी डालकर मार्ग को पवित्र करती हैं। यह कार्य तब तक जारी रहता है जब तक घर से गया कांवड़िया वापस नहीं लौट आता।