पीलीभीत। जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह ने सांस्कृतिक, पौराणिक, धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों के विकास कार्य के लिए डीपीआर तैयार करने संबंधी निर्देश दिए, ताकि ऐतिहासिक स्थलों का विकास किया जा सके। इस दौरान कलीनगर के शिव मंदिर और पूरनपुर के देवी स्थान मंदिर के जीर्णोद्धार का निर्णय किया गया।
बृहस्पतिवार को गांधी सभागार में जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में पूरनपुर के उप जिलाधिकारी ने बताया कि धार्मिक स्थल देवी स्थान मंदिर परिसर में विश्राम हाल का निर्माण होना है। कलीनगर नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी ने एक पुराने शिव मंदिर की जानकारी दी।
ऐसे में बैठक के दौरान पूरनपुर के देवी स्थान व कलीनगर के शिव मंदिर का विकास कराए जाने का निर्णय किया गया। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारियों को निर्देश दिए कि सांस्कृतिक, पौराणिक, धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों पर विकास के लिए एस्टीमेट तैयार कर उपलब्ध कराएं। जिससे यह कार्य जल्दी पूरे हो सकें।
इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह, डीएफओ मनीष सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ऋतु पूनिया आदि मौजूद रहे।