कलीनगर। शनिवार सुबह दो घंटे तक हुई बारिश से जंगल के कच्चे रास्तों पर पानी भर गया। इससे दूसरी शिफ्ट में जंगल सफारी वाहनों के संचालन पर रोक लगा दी गई। गाइड और चालकों के जरिये सैलानियों को अवगत कराने के प्रयास किए गए।
शनिवार को सुबह से ही मौसम खराब होने लगा था। इससे पहली शिफ्ट में भी जंगल की सैर करने के लिए नाममात्र को सैलानी मुस्तफाबाद पहुंचे थे। करीब नौ बजे मौसम काफी बिगड़ गया। दो घंटे तक जमकर बारिश हुई।
रेंजर सहेंद्र यादव ने बताया कि बारिश से जंगल के कच्चे मार्गों पर पानी भर गया। व्यवस्थाओं का ध्यान रखते हुए दूसरी शिफ्ट में सफारी वाहनों का संचालन रोक दिया गया। इस बाबत गाइड और चालकों को भी अवगत कराकर सैलानियों को सूचित करने के निर्देश दिए गए।
मौसम साफ होने के बाद रविवार को पुनः सफारी को शुरू कराया जाएगा। हालांकि दूसरी शिफ्ट में जंगल घूमने के लिए काफी सैलानी मुस्तफाबाद पहुंचे, लेकिन उन्हें स्थिति से अवगत कराकर लौटा दिया गया।