पीलीभीत/ गजरौला। जराचौकी से शिवनगर तक करीब 15 किलोमीटर लंबे मार्ग के निर्माण की आठ महीने पहले मंजूरी मिल चुकी है, लेकिन काम अब तक शुरू नहीं हो सका है। सड़क में गहरे गड्ढे होने से हर समय हादसे की आशंका बनी रहती है। इसी मार्ग से करीब एक दर्जन गांवों के लोगों का आवागमन होता है।
थाना गजरौला क्षेत्र में जरा चौकी से लिंक मार्ग शिवनगर के लिए जाता है। जरा -शिवनगर मार्ग की लंबाई लगभग 15 किलोमीटर है। सालों से सड़क खस्ताहाल है। मरम्मत की किसी भी अधिकारी ने कोई सुध नहीं ली है। जबकि इस मार्ग से एक दर्जन गांवों के लोगों का आवागमन होता है। सड़क के दयनीय हालत में होने से लोगों को तमाम दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
00
ग्रामीणों ने सांसद वरुण गांधी को भेजा पत्र
सड़क की दयनीय हालत को देखते हुए गांव के ग्राम पंचायत सदस्य हरदीप सिंह के अलावा सतविंदर सिंह, कुलवंत सिंह, सुखदेव सिंह ने सांसद वरुण गांधी को पत्र लिखा है। इसमें कहा गया है नेशनल हाइवे से जरा कोठी से शिवनगर मार्ग लगा हुआ है। इसकी लंबाई 15 किलोमीटर है। बरसात के दौरान सड़क पर बने गड्ढों में पानी भर जाता है। सड़क की हालत को लेकर कई बार अधिकारियों से मांग की गई, लेकिन अभी तक कुछ ध्यान नहीं दिया गया।
00
मरीजों के साथ ही किसानों को हो रही परेशानी
पिछले साल बनाने की मंजूरी हुई थी। अभी तक कोई काम नहीं हो सका है। इसके चलते सड़क से गुजरने वाले आम लोगों के अलावा बीमार लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है। - हरदीप सिंह, ग्राम पंचायत सदस्य
00
सडक में काफी गहरे गड्ढे हो गए है। बारिश के दौरान आवाजाही में काफी परेशानी होती है। गड्ढों में पानी भरा होने से गहराई नहीं पता चल पाती है। इससे खतरे की आशंका बनी हुई है।- पलविंदर सिंह
गड्ढा युक्त सडक को दिखाता ग्रामीण । संवाद
गड्ढा युक्त सडक को दिखाता ग्रामीण । संवाद