पीलीभीत। आईटीआई के विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डिजिटल स्किल्स का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य युवाओं को पारंपरिक ट्रेडों से आगे बढ़ाकर आधुनिक उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप तैयार करना है। इससे उनके लिए रोजगार के नए अवसर खुल सकें। जिले में तकनीकी शिक्षा को आधुनिक स्वरूप देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। अब औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के विद्यार्थियों को केवल पारंपरिक ट्रेडों तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि उन्हें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डिजिटल तकनीकों का भी ज्ञान दिया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार, कौशल विकास विभाग की इस योजना का उद्देश्य छात्रों को चौथी औद्योगिक क्रांति के अनुरूप तैयार करना है। वर्तमान समय में उद्योगों की कार्यप्रणाली तेजी से बदल रही है, जहां स्वचालन (ऑटोमेशन) और डेटा का महत्व लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में एआई और डिजिटल साक्षरता को पाठ्यक्रम में शामिल करना आवश्यक हो गया है। शहर और पूरनपुर स्थित पाॅलिटेक्निक कॉलेजों के सहयोग से इस पहल को मजबूती दी जाएगी।