बीसलपुर। डीएम के निर्देश पर खंड शिक्षाधिकारी ने प्राथमिक विद्यालय नीवाडांडी के प्रधानाध्यापक पर मिडडे-मील की धनराशि का घोटाला करने के मामले की जांच शुरू कर दी है। सकुटिया जसकरनापुर की ग्राम प्रधान लड़ैती देवी ने पिछले हफ्ते डीएम डीएम संजय कुमार सिंह को पत्र भेजकर प्रधानाध्यापक पर घोटाला करने का आरोप लगाया था।
पत्र में कहा गया कि उनकी ग्राम पंचायत के मजरा नीवाडांडी के प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक पिछले चार वर्षो से मिड-डे मील की धनराशि में बड़े पैमाने पर घोटाला कर रहे हैं। वह मिड-डे मील संबंधी अभिलेखों और बैंक चेकों पर ग्राम प्रधान की फर्जी मोहर लगाकर व फर्जी हस्ताक्षर कर गोलमाल कर रहे हैं। कई बार उन्हें ऐसा करने के लिए मना किया गया, लेकिन वह नहीं माने।
पत्र में मामले की जांच कराने, प्रधानाध्यापक से हड़पी गई धनराशि की रिकवरी कराने और उन्हें दंडित कराने की मांग की गई है। डीएम ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिला बेसिक शिक्षाधिकारी डॉ. अमित कुमार सिंह को मामले की जांच सौंपी है। जिला बेसिक शिक्षाधिकारी ने यहां के खंड शिक्षाधिकारी हर्षित शर्मा को मामले की जांच करने के लिए अधिकृत किया है। हर्षित शर्मा ने बताया कि उन्होंने जांच शुरू कर दी है। बहुत जल्द जांच पूरी कर ली जाएगी।