पीलीभीत। जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह व पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडेय की अध्यक्षता में जिला स्तरीय एनसीओआरडी की बैठक में भांग या अफीम की खेती करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। साथ ही शिक्षण संस्थानों में अभियान चलाकर नशा न करने के लिए जागरूक करने के लिए कहा गया। जिलाधिकारी ने मादक पदार्थों की तस्करी की रोकथाम के लिए हाईवे और बार्डर क्षेत्रों में वाहनों की चेकिंग के निर्देश दिए।
सोमवार को गांधी सभागार में हुई बैठक में जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि पुलिस एवं जिला प्रशासन, आबकारी व अन्य संबंधित संस्थाओं से आपसी समन्वय से सूचना तंत्र विकसित कर कार्रवाई अमल में लाई जाए। एसएसबी कमांडेंट ने बताया कि मादक पदार्थों की खेती किए जाने के संबंध में कोई सूचना नहीं है।
बैठक में समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि नशा मुक्ति भारत अभियान के तहत मादक पदार्थो के दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी से मुक्त अंतरराष्ट्रीय दिवस के रूप में मनाते हुए विद्यालयों, महाविद्यालयों में नशे के विरुद्ध जागरूकता रैली का आयोजन किया जाए। इसके साथ ही नशीली दवाओं की बिक्री पर प्रतिबंध लगाने के लिए अभियान चलाकर मेडिकल स्टोर पर छापेमारी की कार्यवाही की जाए।