प्रेरक एकता कल्याण समिति के तत्वावधान में प्रेरकों ने विभिन्न मांगों को लेकर मंगलवार से भूख हड़ताल शुरू कर दी।
जिले भर के तमाम प्रेरक मंगलवार को शहर के नेहरू ऊर्जा उद्यान में एकत्र हुए। यहां प्रेरकों ने नवीनीकरण प्रक्रिया समाप्त करने, मानेदय बढ़ोत्तरी कराने, प्रेरकों का शोषण बंद करने आदि मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी। इस दौरान हुई सभा में जिलाध्यक्ष अरविंद मिश्रा ने कहा कि प्रेरकों का शोषण लगातार जारी है। प्रेरकों की लंबित मांगों को लेकर ज्ञापन व धरना प्रदर्शन किए जा रहे हैं, लेकिन समस्या पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। जब तक समस्याओं का समाधान नहीं किया जाता अनिश्वितकालीन भूखहड़ताल जारी रहेगी। भूखहड़ताल पर बैठने वालों में जिला उपाध्यक्ष पिंकी रानी, जिला महामंत्री रघुवर सिंह, मोहम्मद दानिश, आकांक्षा, रीना, द्रोपदी, कमलेश, हेमावती, गुड्डी देवी, सुरेंद्र कुमार, ब्लाक अध्यक्ष प्रमोद पांडेय, सोमपाल, संजय कुमार आदि शामिल रहे।