डाॅक्टर बोले- चिकित्सकों की एकता के आगे झुकना पड़ा राजस्थान सरकार को
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की बैठक में राजस्थान सरकार द्वारा राइट टू हेल्थ बिल वापस लेने पर खुशी जताई गई। डाॅक्टरों ने कहा कि देश भर के डॉक्टरों के विरोध के कारण सरकार को बिल वापस लेना पड़ा। किसी कीमत पर चिकित्सकों का शोषण नहीं सहा जाएगा।
आईएमए भवन पर आयोजित बैठक में नव मनोनीत अध्यक्ष डॉ रश्मि प्रकाश ने कहा कि राजस्थान की गहलोत सरकार द्वारा राइट टू हेल्थ बिल में अप्रासंगिक प्रावधान लागू करने के विरोध में पूरे देश के चिकित्सक विरोध में आ गए थे। चिकित्सकों की एकता के आगे सरकार को झुकना पड़ा और इस बिल को वापस ले लिया गया। किसी भी दशा में चिकित्सकों का उत्पीड़न नहीं होने दिया जाएगा।
बैठक में संरक्षक डॉ. एसके अग्रवाल, डॉक्टर भारत सेठी, डॉ. आरएच गोखले, डॉ. पीएन सक्सेना, डॉ. पीयूष अग्रवाल, डॉ. भरत कंचन, डॉ. पीडी सिंह, डॉ. तरुण सेठी, डॉ. उपेंद्रनाथ, डॉ. गीतांजलि, डॉक्टर ममता सक्सेना, डॉ. आस्था कंचन आदि मौजूद रहे।