बिलसंडा। जच्चा-बच्चा की मौत के बाद सिद्धि विनायक अस्पताल को सील करने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने गैरपंजीकृत अस्पतालों के खिलाफ अभियान छेड़ दिया है। सोमवार को स्वास्थ्य विभाग ने गांव मवईया में अवैध रूप से संचालित अस्पताल सील कर दिया। टीम जब अस्पताल पहुंची तो वहां मौजूद चिकित्सक कोई अभिलेख नहीं दिखा सका।
सीएमओ के आदेश पर सोमवार को नायब तहसीलदार अवधेश कुमार और सीएचसी अधीक्षक डॉ. मनीष शर्मा की अगुवाई में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मवईया में अवैध रूप से संचालित क्लीनिक का निरीक्षण किया। मौके पर मौजूद डॉक्टर क्लीनिक के संचालन के संबंध में कोई अभिलेखों नहीं दिखा पाईं। जांच पड़ताल में अस्पताल में प्रसव कराए जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद नायब तहसीलदार व सीएचसी अधीक्षक ने क्लीनिक सील कर दिया।