पीलीभीत। स्टेशन चौराहे के पास नगर पालिका की जमीन पर अवैध रूप से कब्जा कर निर्माण कराने की डीएम से शिकायत की गई। शिकायत पर डीएम ने एसडीएम सदर को जांच साैंपी। जिसके बाद मौके पर जांच करने पहुंचे नायब तहसीलदार ने निर्माण को रुकवा दिया।
गांव सैजनिया के रहने वाले अमित कुमार शर्मा ने बृहस्पतिवार को डीएम से शिकायत की। कहा कि नगर पालिका कार्यालय से 100 मीटर की दूरी पर स्टेशन के पास स्थित एक दुकानदार पालिका की जमीन पर अवैध कब्जा कर निर्माण करा रहा है। उन्होंने इसमें पालिका की मिलीभगत से काम होने का आरोप लगाया।
डीएम ने मामले की जांच एसडीएम सदर को सौंपकर रिपोर्ट मांगी। एसडीएम सदर के निर्देश पर नायब तहसीलदार हरिशंकर पटेल ने मौके पर जाकर जांच की। बताया कि दुकान उनको किराये पर मिली। फिलहाल निर्माण को रुकवा दिया गया। एसडीएम सदर देवेंद्र सिंह ने बताया कि नगर पालिका का कहना है कि वह चुंगी की जमीन थी इसे किराये पर दिया गया है। नगर पालिका ईओ से इसको लेकर पत्रावली तलब की है।