पूरनपुर में बैइक करते व्यापारी । संवाद
पूरनपुर। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की बैठक शुक्रवार को प्रांतीय उपाध्यक्ष हंसराज गुलाटी के प्रतिष्ठान पर हुई। इसमें जिला महामंत्री शैली अग्रवाल और अन्य पदाधिकारियों के खिलाफ खाद्य विभाग की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराने पर रोष व्यक्त किया गया।
प्रातीय उपाध्यक्ष हंसराज गुलाटी ने कहा कि कुछ अधिकारी व्यापारियों का शोषण करने की कोशिश करते हैं। विरोध करने पर झूठी रिपोर्ट दर्ज करा देते हैं। इसे किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जरूरत पड़ी तो उग्र आंदोलन होगा। अगर खाद्य विभाग के अफसर, कर्मचारी झूठी कार्रवाई करेंगे तो उनको नगर में घुसने नहीं दिया जाएगा।
नगर अध्यक्ष हाजी मोहम्मद जाहिद खां ने खाद्य अधिकारी के झूठी रिपोर्ट दर्ज कराने के कृत्य की निंदा की। बैठक में सराफा संघ के अध्यक्ष संजय गुप्ता, मंत्री आशीष रस्तोगी ने भी रोष व्यक्त किया। बैठक में प्रांतीय व्यापारी नेता विजयपाल विक्की, दीपक अग्रवाल, संजीव गुप्ता, उमेश गुप्ता, अनिल अग्रवाल, सुरेंद्र अग्रवाल, नगर पालिका के पूर्व चेयरमैन मुन्ने मियां अंजाना, इमरान अहमद आदि थे।