पीलीभीत। पीलीभीत सीट से भाजपा प्रत्याशी जितिन प्रसाद ने मंगलवार को बरखेड़ा, बीसलपुर, बिलसंडा, पूरनपुर, माधोटांडा और कलीनगर में रोड-शो कर जनता से अपने लिए जन समर्थन मांगा। कहा कि मोदी जी के दूत के रूप में पीलीभीत के विकास के लिए आपके बीच प्रत्याशी बनकर आया हूं। पीलीभीत मेरा घर है। यहां के लोगों के साथ मजबूत रिश्ते कायम करना मेरी पहली प्राथमिकता होगी। रोड शो में प्रदेश के शिक्षा मंत्री संदीप सिंह भी शामिल हुए।
भाजपा उम्मीदवार ने कहा कि यहां पर्यटन विकास की अपार संभावनाएं हैं। चुनाव के बाद केंद्र एवं राज्य सरकार से तालमेल बिठाकर पर्यटन विकास को गति देने का प्रयास करेंगे। इस अवसर पर प्रदेश के बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं पूर्व मुख्यमंत्री स्व. कल्याण सिंह जी के पौत्र संदीप सिंह ने कहा कि पीलीभीत क्षेत्र आने वाले समय में इस देश के उन प्रमुख संसदीय क्षेत्र में होगा। जिनका नाम विकास के पर्याय के रूप में लिया जाता है। भाजपा उम्मीदवार के साथ जिलाध्यक्ष संजीव प्रताप सिंह, राज्यमंत्री संजय गंगवार, विधायक स्वामी प्रवक्तानन्द, विधायक विवेम वर्मा, विधायक बाबूराम पासवान, एमएलसी सुधीर गुप्ता आदि साथ रहे।