एम्बूलेंस से सीएचसी लाए गए झुलसे लोग । संवाद
पूरनपुर/घुंघचाई। थाने के सामने चाय-नाश्ते, मिठाई के होटल में गैस सिलिंडर के पाइप से निकली आग से बड़ा हादसा हो गया। होटल के अलावा पड़ोस में रखा पान का खोखा, परचून की दुकान में आग लग गई। आग में होटल स्वामी, उसका पुत्र, ग्राहक, पान के खोखे पर बैठे युवक सहित नौ लोग झुलस गए। गंभीर रूप से झुलसे चार लोगों को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
घटना सोमवार को दिन में तीन बजे हुई। थाने के सामने गांव निवासी वीरेंद्र श्रीवास्तव का होटल है। वीरेंद्र ने बताया कि घटना के समय आलू उबालने जा रहा था। इस दौरान सिलिंडर के पाइप से निकली लपट ने होटल को चपेट में ले लिया। आग में घिरने से होटल स्वामी वीरेंद्र श्रीवास्तव, उसका पुत्र दुर्गेश, होटल पर बैठा ग्राहक हीरालाल और होटल कर्मचारी अजय गंभीर रूप से झुलस गए।
आग ने पड़ोसी अरविंद के पान का खोखे और जीवन लाल की किराना दुकान को भी चपेट में ले लिया। पान के खोखे पर बैठा गांव निवासी अमित भी आग की चपेट में आ गया। इसके अलावा मोनू वर्मा, प्रेमपाल व एक अन्य अजय नाम युवक भी गंभीर रूप से झुलस गया।
आग से होटल, पान के खोखे और किराना की दुकान में रखा हजारों रुपये कीमत का सामान जलकर राख हो गया। आसपास के लोगों में खलबली मच गई। फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। जिन्होंने बमुश्किल आग पर काबू पाया। इस मामले में सीएचसी से गंभीर हालत में वीरेंद्र श्रीवास्तव, दुर्गेश, हीरनलाल, अजय को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
एम्बूलेंस से सीएचसी लाए गए झुलसे लोग । संवाद