पीलीभीत। अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर शहर में शुक्रवार को नगर पालिका की ओर से घोड़ा बग्घी झांकी यात्रा निकाली जाएगी। इसका शुभारंभ आरएसएस के प्रांत प्रचारक हरीश रौहतेला गांधी प्रेक्षागृह में करेंगे।
नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. आस्था अग्रवाल ने पालिका सभागार में पत्रकारों से वार्ता में बताया कि रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के उत्सव को शहर में भव्य तरीके से मनाने की तैयारियां चल रही हैं। इसी क्रम में दो दिवसीय घोड़ा बग्घी झांकी यात्रा निकली जाएगी। इसका उद्घाटन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक हरीश रौहतेला शुक्रवार को तीन बजे गांधी प्रेक्षागृह में करेंगे।
झांकी गांधी स्टेडियम से चलकर सुनगढ़ी थाना, नई बस्ती, कला मंदिर, लेखराज चौराहा, गीता मंदिर, बरेली गेट, जेपी रोड होते हुए सुनहरी मस्जिद, रंगीलाल चौराहा, बिजली घर, मोहल्ला नखासा, देशनगर मठिया, महिला थाना, नकटादाना आदि मोहल्लों से गुजरेगी। पालिका अध्यक्ष ने शहर के लोगों से अपील करते हुए कहा कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण और रामलला की प्राण प्रतिष्ठा हम सभी के लिए हर्ष एवं गौरव का विषय है। सभी लोग अपने घरों और पड़ोस के मंदिरों में 22 जनवरी को दीपोत्सव मनाएं।