हाईटेक नर्सरी के निर्माण के लिए किया गया भूमि पूजन । स्रोत - सूचना विभाग
पीलीभीत। मनरेगा योजना के तहत कृषि विज्ञान केंद्र टांडा बिजैसी में हाईटेक नर्सरी के निर्माण के लिए भूमि पूजन किया गया। इसका एक करोड़ 28 लाख रुपये से निर्माण कराया जाएगा। यहां पर इजरायल तकनीक के आधार पर पौध को तैयार किया जाएगा।
विभागीय जानकारी के अनुसार यहां सब्जी के बीज देने पर उन्हें एक रुपये प्रति पौध की दर से उपलब्ध कराया जाएगा। यदि कृषक बीज उपलब्ध न कराकर सीधे पौधे क्रय करता है, तो उसे प्रति पौधे दो रुपये में मिलेगी।
हाइटेक नर्सरी का निर्माण होने से कृषकों की मांग को देखते हुए प्रतिवर्ष पांच लाख से अधिक पौधों का उत्पादन किया जाएगा। पौध उत्पादन का कार्य इजरायल तकनीक के आधार पर को-को पिट में किया जाएगा। को-को पिट में तैयार किए गए पौधों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाने और रोपण करने में सुविधा होगी। जिला उद्यान अधिकारी बाली शरण चौधरी ने बताया कि इस कार्य में कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों का सहयोग भी रहेगा।