बीसलपुर के गांव अमृताखiस में ऊर्जा निगम के विरोध में प्रदर्शन करते ग्रामीण।स्रोत:ग्रामीण
बीसलपुर। गांव अमृता खास में पिछले सात दिनों से बिजली न आने से क्षुब्ध ग्रामीणों ने सोमवार सुबह गांव के पास से गुजर रहे बीसलपुर-खुदागंज हाइवे पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। इस दौरान जमकर नारेबाजी की गई।
हाईवे पर जाम लगाने पहुंचे ग्रामीणों का आरोप था कि उनके गांव में एक सप्ताह से बिजली व्यवस्था ठप पड़ी है। बिजली निगम के अधिकारी-कर्मचारी फॉल्ट की मरम्मत नहीं कर रहे। भीषण गर्मी में बिजली न आने की वजह से परेशानी हो रही है।
करीब 30 मिनट तक ग्रामीण प्रदर्शन करते रहे मगर कोई अधिकारी नहीं पहुंचा। जाम में फंसे लोगों को हो रही दिक्कत देखते हुए उन्होंने प्रदर्शन समाप्त कर दिया। इस दौरान ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि मंगलवार तक समस्या दूर न होने पर बेमियादी धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। प्रदर्शन के चलते दोनों ओर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गई थीं।
फंसे लोग भी परेशान होते रहे। जाम खुलने के बाद वे लोग गंतव्यों के लिए रवाना हुए। प्रदर्शन करने वालों में भाजयुमो के मंडल अध्यक्ष गौतम शर्मा, अवनीश कुमार कश्यप, हरीश कुमार, महीपाल, रामसेवक, रामभरोसे लाल, अंशु श्रीवास्तव, रामभजन आदि ग्रामीण शामिल रहे।