देश की अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर केंद्र सरकार ने बार्डर रोड बनाने की प्रक्रिया शुरू की है। इसके तहत जनपद के तराई क्षेत्र में लगी नेपाल की सीमा पर भी सड़क बननी है। जंगल क्षेत्र और शारदा नदी होने के कारण कई बार सर्वे किया गया। गृह मंत्रालय से अनुमति मिलने के बाद इस क्षेत्र में भी सड़क निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। इस पर सोमवार को इंडो नेपाल बार्डर सड़क निर्माण के अभियंताओं की टीम सीमावर्ती क्षेत्र में पहुुंची। अभियंताओं ने बराही वन रेंज के स्टाफ की मौजूदगी में जमीन की नाप कर सीमांकन किया। इसके लिए बार्डर क्षेत्र में नोमैंसलेंड के निकट खड़े अंतर्राष्ट्रीय पिलर संख्या 17 से 32 तक नाप की जानी है। अभियंताओं ने बताया कि बार्डर पर बनने वाली यह सड़क बूंदीभूड़, बंदरभोझ, सुंदरनगर, लग्गाभग्गा, नौजल्हा, रमनगरा, गुन्हान क्षेत्र से होकर गुजरेगी। सड़क निर्माण के लिए अंतर्राष्ट्रीय पिलर से कुछ जगह छोड़कर 30 मीटर जगह चिन्हित की जा रही है जिसमें मिट्टी कार्य के बाद ऊपर टू लेन मार्ग बनेगा। बराही के वनक्षेत्राधिकारी मोहम्मद शहनियाज ने बताया जमीन के चिन्हित होने बाद पेड़ों का कटान कराया जाएगा।