जिले में यूपी बोर्ड के हाईस्कूल व इंटरमीडिएट का परीक्षा परिणाम शुक्रवार को घोषित हो गया। हाईस्कूल का परीक्षाफल 90.57 प्रतिशत जबकि इंटर का 79.52 प्रतिशत रहा। हाईस्कूल में सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज पूरनपुर की छात्रा स्मृति सिंह ने 81.67 प्रतिशत अंक पाकर जिले में टॉप किया। वहीं इंटरमीडिएट परीक्षा में तीन छात्राओं की तिकड़ी ने जिला टॉपर बनने का गौरव हासिल किया। इसमें अंगूरी देवी सरस्वती बालिका विद्या मंदिर इंटर कॉलेज की शुभांगी तिवारी, सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज बीसलपुर की निहारिका अवस्थी व जया गंगवार ने 92.60 प्रतिशत अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से जिला टॉप किया। वहीं हाईस्कूल में सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज बीसलपुर के रजत कुमार ने 89.67 प्रतिशत अंक पाकर जिले में दूसरा व इसी विद्यालय के ही धीरेंद्र कुमार व रमन गंगवार ने 89 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में तीसरा स्थान पाया। इंटरमीडिएट में सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज पूरनपुर की शिवांगी मिश्रा ने 92.40 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में दूसरा तथा सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज बीसलपुर की सरस्वती शर्मा ने 92.20 प्रतिशत अंक पाकर जिले में तीसरा स्थान पाया। हाईस्कूल व इंटर की टॉपटेन सूची में इस बार लड़कियों के अपेक्षा लड़कों ने बाजी मारी। हाईस्कूल की टॉपटेन सूची में 12 छात्र व सात छात्राओं ने जगह बनाई, जबकि इंटर की टॉपटेन सूची में नौ छात्र व सात छात्राओं ने स्थान पाया।