माधोटांडा। कोरोना संकट काल में खुद की जान की परवाह किए बगैर ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मियों के जज्बे की हर कोई तारीफ कर रहा है। वहीं ऐसे में इन कोरोना योद्धाओं की सुरक्षा के लिए शारदा डैम की तलहटी में बसे रमनगरा गांव निवासी शांति ने अनूठी मिसाल पेश की है। शांति पिछले डेढ़ महीने से अपने परिजन के सहयोग से कोरोना योद्धाओं के लिए मास्क बना रही है। अब तक करीब 600 मास्क तैयार कर निशुल्क पुलिस को सौंप चुकी है। शांति कहती हैं कि वह सिलाई का काम जानती हैं। कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए पुलिस और स्वास्थ कर्मी अपनी जान जोखिम में डालकर अपने कर्त्तव्य पर डटे हैं। उनकी सुरक्षा भी जरूरी है। ऐसे में एक नागरिक का फर्ज निभाते हुए कोरोना योद्धाओं के लिए मास्क बनाने में जुटी हैं। इंस्पेक्टर शहरोज अनवर ने बताया कि पुलिस विभाग के लिए 600 मास्क तैयार करना वाकई सराहनीय कार्य है। उच्चाधिकारियों को महिला के इस योगदान के बारे में अवगत कराया गया है। संवाद