पीलीभीत। स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए शहर में तीन और अर्बन पीएचसी खुलेंगी। इसको लेकर विभाग ने छह लाख रुपये का बजट जारी कर दिया है। जगह चिन्हित करने के लिए निविदा निकाली गई है। फरवरी तक इन अर्बन पीएचसी के शुरू हो जाने की उम्मीद है। अभी तीन अर्बन पीएचसी संचालित हैं।
मेडिकल कॉलेज बनते ही लगातार स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकी लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर मिल सकें। शहर का पुराना अस्पताल, बाग गुलशेर खां और जोशी टोला में अर्बन पीएचसी का संचालन किया जा रहा है। अब विभाग ने शहर में मोहल्ला डालचंद्र, नखासा और बेनीचौधरी समेत कई अन्य मलिन बस्तियों में पीएचसी संचालित किए जाने के प्रस्ताव उच्चाधिकारियों को भेजे हैं।
इसी के तहत अब यहां तीन अर्बन पीएचसी खोली जाएंगी। प्रत्येक अर्बन पीएचसी के लिए दो-दो लाख रुपये (कुल छह लाख) का बजट भी जारी कर दिया गया है। जल्द ही इन मोहल्लों के अलावा शहर के अन्य लोगों को इसका लाभ मिल सकेगा। विभाग ने इसके लिए निविदा भी निकाल दी है। सीएमओ डॉ आलोक कुमार ने बताया कि अर्बन पीएचसी के लिए जगह चिन्हित करने का कार्य शुरु करा दिया गया है। जल्द ही यहां काम शुरु कराकर फरवरी तक इसे शुरु करा दिया जाएगा।
यह स्टॉफ रहेगा तैनात
तीनों अर्बन पीएचसी पर चिकित्सक, स्टाफ नर्स, एएनएम व दो सहयोगी स्टॉफ की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा इन पीएचसी अन्य सभी मूलभूत सुविधाओं को उपलब्ध कराया जाएगा।