पीलीभीत। आयुष्मान गोल्डन कार्ड की समीक्षा बैठक से नदारद रहने पर पूरनपुर, बरखेड़ा और बीसलपुर समेत चार एडीओ पंचायत में से दो का एक-एक दिन का वेतन काटा गया है। जबकि दो एडीओ को नोटिस जारी किया गया है।
मुख्यमंत्री का आयुष्मान गोल्डनकार्ड को लेकर खासा जोर है ताकि पात्रों के कार्ड तेजी के साथ जारी हो सकें। इसको लेकर समीक्षा भी होती हैं। सीडीओ धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने 25 नवंबर को समीक्षा बैठक की थी। इसमें पूरनपुर के एडीओ अजय पाल और मेहरबान सिंह राणा नहीं पहुंचे। दोनों की कार्य के प्रति उदासीनता पाते हुए एक-एक दिन का वेतन काट दिया गया। इससे पूर्व चार नवंबर को आयोजित समीक्षा बैठक में भी बीसलपुर के सहायक विकास अधिकारी हरीश भारती और बरखेडा के नजरुल हसन नदारद थे। इनको नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। सीडीओ ने बताया गोल्डन कार्ड को लेकर समीक्षा बैठक में यह लोग नहीं आए थे। लापरवाही पर कार्रवाई की गई है।