पीलीभीत। प्रदेश सरकार की पहल के बाद जिले में हेल्थ एटीएम की सुविधा शुरू करने की कवायद तेज हो गई है। जनपद के चारों विधायकों ने अपनी निधि से हेल्थ एटीएम लगवाने की मंजूरी दे दी है। अफसरों का दावा है कि बजट की प्रक्रिया पूरी होते ही जिले में चार स्थानों पर लोगों को हेल्थ एटीएम की सुविधा मिल सकेगी।
जिले में मरीजों की रक्त जांच का लिए अब तक जिला अस्पताल पर ही इंतजाम है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मलेरिया, टायफाइड, हीमोग्लोबिन आदि से जुड़ी जांचें ही होती हैं। जिला अस्पताल पर होने वाली जांचों में मरीजों को काफी समय लगता है। जांच के अगले दिन रिपोर्ट मिल पाती है। जिससे मरीजों को अपने इलाज में भी परेशानी होती। मरीजों की यह समस्या अब दूर होने जा रही है। इसके लिए विधायकों की स्वीकृत के बाद हेल्थ एटीएम खरीदने की प्रक्रिया पर अमल होगा।
इस एटीएम के लग जाने के बाद मरीजों को अपनी रक्त संबंधी जांच समेत अन्य जांचों को कराने में काफी सुविधा मिलेगी। हेल्थ एटीएम की कीमत चार लाख से लेकर 15 लाख तक बताई जा रही है।
--
50 से अधिक जांचों की मिलेगी सुविधा
हेल्थ एटीएम की सुविधा शुरू होने से मरीजों को काफी लाभ मिलेगा। अफसरों के अनुसार करीब पचास प्रकार की जांचों की सुविधा मिलेगी। हीमोग्लेबिन, लिपिड प्रोफाइल, शुगर, डेंगू, मलेरिया, टीएलसी, डीएलसी आदि जांचें हो सकेंगी। ईमेल पर भी रिपोर्ट मिलने की सुविधा रहेगी।
--
हेल्थ एटीएम की सुविधा के लिए विधायकों ने अपनी निधि से राशि देने की स्वीकृति दे दी है। जल्द ही इस पर अमल किया जाएगा।
- डॉ. आलोक कुमार, सीएमओ