बीसलपुर। स्वास्थ्य विभाग को नगर में आयुष्मान कार्ड योजना के 15 हजार लाभार्थी ढूंढे नहीं मिल रहे हैं। पात्र होने के बावजूद इनके कार्ड नहीं बन पा रहे हैं। अब स्वास्थ्य विभाग ने इन्हें तलाशने में नगर पालिका परिषद प्रशासन से से मदद मांगी है।
स्वास्थ्य विभाग के अभिलेखों के अनुसार नगर क्षेत्र में कुल 40 हजार लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनने हैं। विभाग ने इसके लिए नगर के सभी 25 वार्डों में कर्मचारी नियुक्त किए हैं। कर्मचारियों को संबंधित वार्डों के लाभार्थियों की सूची भी दे दी गई थी। कर्मचारियों ने घर-घर जाकर लाभार्थियों को खोजकर उनके आयुष्मान कार्ड बनाने शुरू कर दिए।
नगर में अब तक 25 हजार लाभार्थियों के कार्ड बनाए जा चुके हैं, लेकिन 15 हजार लाभार्थियों के घर नहीं मिल रहे हैं। इस वजह से उनके कार्ड नहीं बन पा रहे हैं। कर्मचारी बताए गए पते पर तलाश करने के बाद भी जब लाभार्थियों को नहीं खोज पाए तो अब उन्हें तलाशने के लिए नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी को पत्र भेजकर मदद मांगी गई है। (संवाद)
इन मोहल्लों में नहीं मिल रहे लाभार्थी
हबीबुल्ला खां जनूबी, हबीबुल्ला खां शुमाली, ग्यासपुर, दुबे, दुर्गाप्रसाद, रामलीला कॉलोनी, बख्तावरलाल, बाजार कटरा, पटेलनगर, सरस्वती विहार, शिवाजीनगर, एकतानगर, रामनगर, गांधीनगर, रामबंगला, बसंत विहार आदि।
वर्जन
टीम ने 40 हजार में से 25 हजार लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बना दिए हैं। शेष 15 हजार लाभार्थियों के घर नहीं मिल पा रहे हैं। इन्हें तलाशने में अब नगर पालिका परिषद प्रशासन से सहयोग मांगा गया है। - डॉ. लेखराज गंगवार, प्रभारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीसलपुर।