किसान तिलकराम की मौत सिर में गंभीर चोट आने से हुई थी। इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर हुआ। परिवारीजन तिलकराम की हत्या की आशंका जता रहे हैं। हालांकि सोमवार देर शाम तक परिजनों की ओर से तहरीर नहीं दी गई। बरखेड़ा के पृथ्वीपुर गांव निवासी 40 वर्षीय किसान तिलकराम शनिवार रात चीनी मिल बरखेड़ा के यार्ड में लहूलुहान हालत में मिले थे। इसके बाद जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी। परिवार वाले डेढ़ साल पुराने नाली विवाद में गांव के ही एक युवक पर हत्या करने का आरोप लगा रहे हैं। जबकि पुलिस ट्राली के नीचे सोते वक्त अचानक ट्राली आगे बढ़ने से घायल होने की बात कह रही थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर में चोट लगने से किसान की मौत की पुष्टि हुई। इंस्पेक्टर बरखेड़ा योगेंद्र पाल शर्मा ने बताया कि पुलिस की जांच में मामला हादसा निकला है। परिवार की ओर से अभी तक कोई तहरीर न मिलने के कारण कानूनी कार्रवाई नहीं हुई है।