ग्राम अधकटा में गिरा पड़ा बिजली का पोल । संवाद
पीलीभीत। विद्युत निगम ने अगर प्रधान की बात पहले ही मान ली होती तो ऐसा दर्दनाक हादसा न होता न ही दो महिलाओं की जान जाती। यह बात स्वयं प्रधान ही कह रहे हैं।
बरखेड़ा क्षेत्र के गांव अधकटा में श्रीराम शोभायात्रा के दौरान बिजली का खंभा श्रद्धालुओं पर गिर गया। हादसे में दो महिलाओं की जान चली गई, तो एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला भी जिंदगी और मौत से जूझ रही है। गांव के प्रधान रविंद्र गंगवार ने बताया कि एक वर्ष पूर्व खंभों से बिजली के तारों को हटा दिया गया था। इसके बाद जब नए खंभों को लगाया जा रहा था तो उन्होंने खुद ही विद्युत निगम के कर्मचारियों से पुराने खंभों को वहां से हटाने के लिए कहा था। मगर, विद्युत निगम के कर्मचारियों ने ध्यान नहीं दिया। पुराने खंभाें को वहीं पर लगा रहने दिया। बृहस्पतिवार को शोभायात्रा के दौरान खंभा श्रद्धालुओं के ऊपर गिर गया। इसमें गांव की दो महिलाओं की मौत हो गई। शोभायात्रा में चीख पुकार मच गई। हर कोई विद्युत निगम को ही जिम्मेदार ठहरा रहा था।
हादसे के बाद परिजनों में मच गया चीत्कार
शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालु गाजे बाजे के साथ भजन गाते चल रहे थे। महिलाएं भी काफी खुश थीं, लेकिन अचानक हुए हादसे के बाद शोभायात्रा में भगदड़ मच गई। दोनों महिलाओं की मौत को देख लोग चीखने चिल्लाने लगे। मौके पर पहुंचे परिजनों को बुरा हाल हो गया। शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालु तितर बितर हो गए। पुलिस के पहुंचने के बाद खंभे को मार्ग से हटाया गया।
गांवों में शोभायात्रा निकालने के दौरान हादसा हुआ है। मौके पर दो महिलाओं की मौत होने पर वह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर गए थे। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की जांच की जा रही है।- मृदुलकांत शुक्ला, थानाध्यक्ष