परिषदीय विद्यालयों के शिक्षकों की हुई बैठक में पुरानी पेंशन बहाली को लेकर 30 अप्रैल को लखनऊ में होने वाले धरना प्रदर्शन की रणनीति बनाई गई।
शहर के नेहरू ऊर्जा उद्यान में मंगलवार को हुई बैठक में वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश सरकार पुरानी पेंशन मुद्दे को केंद्र सरकार के पाले में डालकर हीलाहवाली कर रही है, जबकि कई राज्यों में पुरानी पेंशन बहाली के आदेश राज्य सरकारों द्वारा दे दिए गए हैं। नई पेंशन व्यवस्था को किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। पुरानी पेंशन बहाली को लेकर हर स्तर पर संघर्ष किया जाएगा। बैठक में पुरानी पेंशन बहाली को लेकर एक मई को लखनऊ में होने वाले धरना प्रदर्शन की जानकारी दी गई। तय हुआ कि जिले से 30 अपै्रल की शाम बसों द्वारा शिक्षक लखनऊ रवाना होंगे। धरना प्रदर्शन में पुरानी पेंशन बहाली के लिए सभी शिक्षक अपनी ताकत का अहसास कराएंगे। धरना प्रदर्शन की सफलता को ब्लाक स्तर पर शिक्षकों को जिम्मेदारी सौंपी गई। जिसमें बीसलपुर व बिलसंडा ब्लाक की जिम्मेदारी भुवींद्रवीर, बरखेड़ा की सत्येंद्र गंगवार व अवधेश कुमार, ललौरीखेड़ा की संतोष गंगवार, अमरिया की मोहम्मद अकरम, इश्तिकार अहमद, मरौरी की हिमांशु कुमार और उमेश गंगवार तथा पूरनपुर ब्लाक की जिम्मेदारी अनुराग पांडेय व सूर्यप्रकाश को सौंपी गई। इस मौके पर ज्ञानेंद्र गंगवार, सुरेंद्र गंगवार, सुरेंद्रपाल, सुशील गंगवार, संजीव कुमार गंगवार, सुरजीत सिंह, गोपाल कृष्ण, राकेश वर्मा, वेदप्रकाश वर्मा, गौरव सिंह आदि शिक्षक मौजूद रहे।