कलेक्ट्रेट में शिकायत लेकर डीएम से मिलने पहुंचे गांव कटकवारा के ग्रामीण । संवाद
पीलीभीत। कटकवारा के ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर एसडीएम कलीनगर, लेखपाल और प्रधान पर अपात्रों को हरियाली का पट्टा देने का आरोप लगाया है। साथ ही कहा है कि यह लोग उन लोगों को जबरन बेदखल करने का प्रयास कर रहे हैं। ग्रामीणों ने मामले में जांच कराने की मांग की है।
कलीनगर तहसील क्षेत्र के गांव कटकवारा के ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को दिए गए पत्र में कहा है कि गांव में गाटा संख्या एक अ और एक द पर काबिज और दाखिल चले आ रहे हैं। उन लोगों के पास उक्त भूमि के अलावा और कोई भूमि नहीं है। वह सभी भूमिहर खेतिहर मजदूर है।
प्रधान व लेखपाल ने अपात्र लोगों को हरियाली का गलत ढंग से पट्टा कर दिया है। जिसको निरस्त करने के लिए उन लोगों ने कई प्रार्थना पत्र अधिकारियों को दिए। इसके अलावा एक रिट भी उच्च न्यायालय में दायर की है। न्यायालय ने गांव सभा से काउंटर मांगा, लेकिन अब तक कोई काउंटर दाखिल नहीं किया गया है।
बावजूद इसके उप जिलाधिकारी कलीनगर, क्षेत्रीय लेखपाल और ग्राम प्रधान जबरदस्ती गलत ढंग से अपात्र लोगों को किए गए पट्टे पर पौध लगाने के लिए कह रहे हैं। पत्र में कहा गया है उपजिलाधिकारी मंगलवार को मौके पर पहुंचे थे और उन्होंने अपात्र पट्टेदारों को पेड़ लगाने के निर्देश दिया।
उपजिलाधिकारी कलीनगर अपात्र लोगों के पट्टा निरस्त करने का सुबूत मांग रहे हैं। जबकि उन लोगों की रिट न्यायालय में विचाराधीन है। ग्रामीणों ने उक्त प्रकरण की जांच कराकर ग्राम सभा की ओर से अपात्रों को दिया गया हरियाली का पट्टा निरस्त कराने की मांग की है । इस दौरान बलविंदर कौर, संतोष कुमार दीक्षित, गुरदीप सिंह, रमेश सिंह, अमित सिंह आदि मौजूद रहे।