सूचना अधिकार के तहत मिली सूचना में सामने आया फर्जीवाड़ा
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। गांव की एक महिला पर फर्जी अंकपत्र से बाल विकास परियोजना विभाग में सहायिका के पद पर नौकरी हासिल करने का मामला सामने आया है। ग्रामीण की शिकायत पर जिलाधिकारी ने जिला बेसिक शिक्षाधिकारी को जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं।
कस्बा कलीनगर के वार्ड नंबर 9 के रहने वाले सुरेंद्र कुमार ने जिलाधिकारी को दिए गए पत्र में कहा है कि उनके वार्ड में आंगनबाड़ी केंद्र पर नियुक्त सहायिका की कक्षा 8 की अंक तालिका फर्जी है। उनके द्वारा बाल विकास परियोजना कार्यालय से सूचना मांगी गई थी उसमें प्रमाणित अंक तालिका एएस एकेडमी माधोटांडा की होना बताया गया।
स्कूल से संपर्क किया तो अंकपत्र विद्यालय अभिलेख में नहीं होने की जानकारी दी गई। दोबारा से संबंधित कार्यालय से सूचना मांगी गई तो सहायिका के अंकपत्र की प्रमाणित छायाप्रति ठाकुर उमराव सिंह उत्तर माध्यमिक विद्यालय दियूरिया कला बीसलपुर का होना बताया गया।
जब दियूरिया के स्कूल से अंक तालिका के बाबत जानकारी की गई तो वहां से पता चला की अंक तालिका पूर्ण रूप से फर्जी है। उनके हस्ताक्षर फर्जी किए गए हैं। ग्रामीण ने सहायिका पर विभाग को गुमराह कर नौकरी हथियाने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। जिलाधिकारी ने बीएसए को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।