गोमती उद्गम स्थल के पास मिले बाघिन व शावक के पगमार्क
टाइगर रिजर्व से लगे इलाकों में बाघ की दहशत कम नहीं हो रही है। दो दिन पहले पिपरिया संतोष गांव में बाघ ने किशोर को निवाला बनाया था। अब गोमती उद्गम स्थल पर बाघिन व शावक के पगमार्क दिखाई दिए है। इससे इलाके में दहशत का माहौल है। पिछले दिनों गोमती उद्गम स्थल पर झील की सफाई कराई गई थी। इसमें झील से निकाली गई रेत का ढेर सड़क पर लगा हुआ है। बृहस्पतिवार सुबह आसपास के लोग गोमती उद्गम स्थल पहुंचे। इसके बाद रेत के ढेर में बाघिन और शावक के पगमार्क देख हड़कंप मच गया। कुछ ही देर में मौके पर आसपास के लोग एकत्र हो गए। इसके बाद पगमार्क को देखते हुए आगे बढ़े, जिसमें कस्बे के नवाब अली खां के बाग की ओर भी पगमार्क मिले। पगमार्क को देखते हुए स्थानीय लोगों को बाघिन व शावक के कस्बे की ओर जाने की आशंका प्रतीत हो रही है। लोगों का आरोप है कि इसकी सूचना वन विभाग के कर्मचारियों को दी गई। काफी देर इंतजार के बाद भी मौके पर कोई नहीं आया।