बगैर निकाह के वापस ले गए बरात, पीड़ित पक्ष ने पुलिस को दी तहरीर
संवाद न्यूज एजेंसी
पूरनपुर। दहेज में बाइक और दो लाख रुपये की मांग पूरी न होने पर दूल्हे व बरातियों ने दुल्हन के पिता से गाली-गलौज और मारपीट की। टेंट उखाड़ डाला, कुर्सियां भी फेंक दी। मांग पूरी न होने पर बरात बगैर निकाह के लौट गई। युवती के पिता ने पुलिस को तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की है।
घटना गांव ढका जमीमा-पूरनपुर की है। गांव निवासी शाहबुद्दीन ने बताया कि उसने अपनी पुत्री शमा का निकाह मोहल्ला निवासी मौलाना मेराज से तय किया था। 14 अप्रैल को बरात आई। बरातियों को नाश्ता, खाना खिलाया गया। दहेज में दिया गया सामान मौलाना मेराज ने अपने घर भिजवा दिया।
इसके बाद दहेज में बुलेट बाइक और दो लाख रुपये की मांग शुरू कर दी। मांग पूरी करने में असमर्थता व्यक्त करने पर दूल्हे और उसके रिश्तेदारों, बरातियों ने उनके साथ गाली-गलौज की। रिश्तेदारों के सामने उसे अपमानित किया।
आरोप है कि दूल्हे, उसके रिश्तेदारों, बरातियों ने टेंट उखाड़ डाला, कुर्सियां उठाकर फेंक दी। बगैर निकाह किए बरात वापस ले गए। शाहबुद्दीन ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। कोतवाल संजीव कुमार शुक्ला ने बताया कि तहरीर मिली है। रिपोर्ट दर्ज कराकर कार्रवाई कराई जाएगी।