बीसलपुर। कोतवाली के एक गांव निवासी युवती एक सप्ताह से अपने प्रेमी के घर रह रही है। युवती के परिजनों ने युवक और उसके घरवालों पर पुत्री को बंधक बनाने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
एक गांव निवासी 19 वर्षीय युवती का प्रेम-प्रसंग पड़ोस में रहने वाले 23 वर्षीय युवक से चल रहा था। दोनों एक ही बिरादरी के हैं। दोनों एक-दूसरे से निकाह भी करना चाहते हैं। युवक के घर वालों ने तो निकाह के लिए हामी भर दी, लेकिन युवती के परिजन तैयार नहीं हुए। घरवालों के राजी न होने पर युवती एक सप्ताह पूर्व अपने प्रेमी के घर चली गई।
युवती के पिता ने युवती को घर वापस लाने का प्रयास किया। युवती ने पिता से अपने प्रेमी के साथ रहने और निकाह की बात कही। युवती के पिता ने रविवार को कोतवाली में तहरीर देकर युवक और उसके घरवालों पर पुत्री को घर में बंधक बनाकर रखने का आरोप लगाया।
कोतवाल अशोक पाल ने बताया कि मामला संज्ञान में है। दोनों पक्षों को कोतवाली बुलाया गया है। सच्चाई जानने के बाद ही इस मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घर में घुसकर विवाहिता के सामने फाड़े अपने कपड़े
बीसलपुर। घर में घुसकर एक युवक ने विवाहिता के सामने अपने कपड़े फाड़ डाले और अपने पास बुलाने लगा। विवाहिता के शोर मचाने पर पड़ोसियों ने आरोपी को पकड़ लिया। मामला दियोरिया कोतवाली क्षेत्र के एक गांव का है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
दियोरिया कोतवाली के एक गांव निवासी विवाहिता ने बताया कि रविवार को देर शाम उसके घर के लोग खेत से वापस नहीं आए थे। वह घर में अकेली थी। इसी समय पड़ोसी के घर रिश्तेदारी में आया युवक घर में घुस आया और उसने अपने सारे कपड़े फाड़ दिए। बाद में वह उससे अभद्रता करने लगा। युवक की हरकत देखकर विवाहिता ने शोर मचाया। शोर सुनकर पड़ोसी जमा हो गए।
लोगों ने आरोपी को पकड़कर घर से बाहर निकाला। कुछ देर बाद विवाहिता के घर वाले आ गए। विवाहिता के पति ने जब आरोपी से अपने घर में घुसने का कारण पूछा तो वह गाली-गलौज करने लगा। कोतवाल उमेश सोलंकी ने बताया कि विवाहिता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
घर में घुसकर युवती से छेड़छाड़, मामला दर्ज
बीसलपुर। दियोरिया कोतवाली के एक गांव निवासी युवती ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि रविवार को वह घर में में सो रही थी। रात करीब 12 बजे एक युवक दीवार फांदकर उनके घर में घुस आया। उसने छेड़खानी की। शोर मचाया तो चीख पुकार सुनकर परिवार के लोग जाग गए। यह देख युवक भाग गया। कोतवाल उमेश सोलंकी ने बताया कि युवती की तहरीर पर आरोपी के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। संवाद