पीलीभीत। मिलावटखोरी पर शिकंजा कसने के लिए डीएम के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान में एफएसडीए टीम ने बुधवार को भी कई दुकानों पर छापा मारा। इसमें तेल के तीन नमूने लिए गए। कुछ दुकानों पर गंदगी मिलने पर वहां खाद्य सामग्री को नष्ट कराया गया। अभिहीत अधिकारी शशांक त्रिपाठी ने बताया कि माधोटांडा रोड पर रविंद्र ट्रेडर्स के यहां 10 किलो घुन लगी पिसी हल्दी मिली, जिसे नष्ट कराया गया। इस मामले में किराना दुकानदार को नोटिस भी दिया गया है। मोहल्ला गफ्फार खां सब्जी मंडी स्थित मदीना किराना स्टोर से उपकार ब्रांड तेल, मंडी समिति गेट स्थित सचिन ट्रेडर्स से रिफाइंड सोयाबीन ऑयल और पुरानी गल्ला मंडी स्थित शिवदास ट्रेडर्स से सोया रिफाइंड ऑयल का नमूना लिया गया है। उन्होंने बताया कि मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।