- मैसेज पहुंचने पर किसान को लगी भनक, कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुई रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। दोस्त ने मौका मिलते ही कार में रखी चेक बुक से दो कोरे चेक चुरा लिए। इसके बाद फर्जी हस्ताक्षर कर तीन लाख रुपये भरकर बैंक में जमा कर दिया। हस्ताक्षर न मिलने से भुगतान रुक गया। मैसेज पहुंचने के बाद किसान को भनक लगी। युवक ने अदालत का सहारा लिया, उसके आदेश पर आरोपी दोस्त के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
न्यूरिया क्षेत्र के गांव मझारा फॉर्म निवासी सुखराज सिंह ने अदालत में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसकी लखीमपुर के कोतवाली क्षेत्र के गांव सीतलापुर निवासी इकबाल सिंह से दोस्ती थी। दोस्त उनकी मटर की फसल की खरीदफरोख्त करता था। तीन माह पूर्व शहर के एक होटल में सुखराज दोस्त इकबाल के साथ खाना खाने गया था।
खाना खाने के बाद कार से असम चौराहे पर उसे छोड़ने के लिए गया। रास्ते में रिश्तेदार मिल गए, जिस पर सुखराज कार रोककर उनसे मिलने चला गया। इस बीच कार में रखी चेक बुक से दो ब्लैंक चेक इकबाल सिंह ने चोरी कर लिए। इसके बाद फर्जी हस्ताक्षर कर तीन लाख रुपये भरकर बैंक में दाखिल कर दिए। हस्ताक्षर न मिलने के कारण बैंक से भुगतान नहीं हो सका। मैसेज मिलने के बाद सुखराज ने इकबाल से संपर्क साधा और चेक चुराने की बात कहते हुए वापस करने को कहा लेकिन वह टालमटोल करने लगा। इसके बाद पुलिस से शिकायत की गई, लेकिन कार्रवाई नहीं हो सकी। तब उसने अदालत में प्रार्थना पत्र दिया।
इंस्पेक्टर राजीव शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर लखीमपुर के सदर कोतवाली के गांव शीतलापुर निवासी इकबाल सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज की गई है।