पूरनपुर। परिषदीय स्कूलों में सत्र शुरू हुए चार महीने पूरे होने को हैं, लेकिन क्षेत्र के चार हजार बच्चे अब भी पुरानी और फटी यूनिफॉर्म पहनकर स्कूल जा रहे हैं। प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी उनके अभिभावकों के खातों में अब तक यूनिफॉर्म और बैग खरीदने के लिए धनराशि नहीं पहुंची है।
ब्लाॅक क्षेत्र में 397 परिषदीय स्कूल संचालित हैं। इनमें 51 हजार से अधिक बच्चे पंजीकृत है। हर साल स्कूल खुलते ही बच्चों के अभिभावकों के खातों में यूनिफॉर्म, बैग, जूता और मोजा खरीदने के लिए 12 सौ रुपये भेजे जाते हैं। मगर इस बार अब तक चार हजार बच्चों के अभिभावकों के खातों में रुपये नहीं पहुंचे है।
अफसर शासन को डाटा भेजने की बात कहकर पल्ला झाड़ रहे हैं। अभिभावकों के खातों में यूनिफॉर्म की धनराशि न पहुंचने पर बच्चे बगैर यूनिफार्म या फिर फटी-पुरानी यूनिफॉर्म पहनकर स्कूूल पहुंच रहे है। धनराशि खातों में न पहुंचने से अभिभावकों और बच्चों में नाराजगी है। खंड शिक्षा अधिकारी विजय वीरेंद्र सिंह ने बताया कि बैच बनाकर बच्चों की सूची शासन को भेजी गई है। धनराशि खातों में भेजी जा रही है।