- सदर तहसील में डीएम और एसपी ने सुनी लोगों की शिकायतेंं
- 43 में एक का ही हो सका मौके पर निस्तारण
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार एवं पुलिस अधीक्षक अतुल शर्मा की अध्यक्षता में तहसील सदर में तहसील संपूर्ण समाधान दिवस हुआ। इसमें समय से न आने पर सीओ सदर के अलावा जहानाबाद, सुनगढ़ी, न्यूरिया और बरखेड़ा के प्रभारी निरीक्षक का स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान आईं 43 शिकायतों में जिलाधिकारी ने मौके पर एक शिकायत का निस्तारण कराया।
डीएम ने अवशेष शिकायतों को लेकर कहा कि अधिकारी अपनी-अपनी विभागीय शिकायतों का गुणवत्ता परक ढंग से निस्तारण करें। अधिकारी स्वयं शिकायतकर्ता की शिकायतों के निस्तारण के लिए मौका मुआयना अवश्य करें। शिकायतकर्ता सहित दोनों पक्षों को बुलाकर शिकायतों का निस्तारण कराया जाए।
बीसलपुर। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) रामसिंह गौतम की अध्यक्षता में तहसील सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में आई 19 में से केवल दो शिकायतों का मौके पर निस्तारण हो पाया। अपर जिलाधिकारी ने शेष शिकायतें संबंधित अधिकारियों को सौंप दी। संचालन उपजिलाधिकारी संदीप यादव ने किया। इस मौके पर विभिन्न विभागों के तहसील ओैर ब्लॉक स्तरीय अधिकारी मौजूद थे। संवाद
लेखपाल ने दर्ज नहीं की विरासत, निलंबित
पीलीभीत। सदर तहसील में समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार को वीरेंद्र कुमार निवासी ग्राम रूरा रामनगर ने विरासत दर्ज करवाने की मांग को लेकर पत्र दिया। इसमें ग्रामीण ने कहा कि पिता स्वगीर्य शांति स्वरूप पुत्र उधौराम की मृत्यु 14 दिसंबर 2021 को हो चुकी है। जो भूमि गाटा संख्या 4/2, 92/2, 106य2, 129य1, 153, 160, 197/2 पर श्रेणी-1क संक्रमणीय भूमिधर दर्ज हैं। जिसकी विरासत करवाने के लिए हल्का लेखपाल सौरभ गंगवार ने 1000 रुपये दो माह पूर्व लिए थे। अब तक विरासत नहीं हुई है। डीएम ने मामले का संज्ञान लेते हुए लेखपाल सौरभ गंगवार को उक्त आरोप में निलंबित कर दिया। संवाद