पेट्रोलपंपों की जांच का अभियान बुधवार को भी जारी रहा। अतिरिक्त मजिस्ट्रेट सूरज यादव के नेतृत्व में चले अभियान में बीसलपुर रोड पर चार पेट्रोल पंपों की जांच की गई। फिलहाल किसी में कोई गड़बड़ी नहीं मिली। तेल में खेल पर अंकुश लगाने के लिए शासन के निर्देश पर जिले में पेट्रोलपंपों की जांच शुरू हुई थी। कुछ दिन अभियान चलने के बाद अभियान रुक गया। मंगलवार को पुन: शुरू हुए अभियान में भाजपा जिलाध्यक्ष के पेट्रोलपंप सहित दो स्थानों पर घटतौली मिलने पर टीम ने मशीनों को सील कर दिया था। बुधवार को अतिरिक्त मजिस्ट्रेट सूरज यादव के नेतृत्व में टीम ने बीसलपुर रोड पर जांच की। टीम विश्वमित्र फिलिंग स्टेशन, आईटीसी चौपाल सागर, वरुणदेव झूलेलाल फिलिंग और माहिम फिलिंग स्टेशन पौटाकलां की जांच की। चारों पेट्रोलपंप में टीम को कोई गड़बड़ी नहीं मिली। अतिरिक्त मजिस्ट्रेट ने बताया कि निरीक्षण के दौरान उपभोक्ताओं से भी जानकारी की गई। चारों पेट्रोलपंप में कोई चिप या घटतौली नहीं मिली है। उन्होंने बताया अभियान बृहस्पतिवार को भी जारी रहेगा।