पूरनपुर। ब्राउन शुगर खरीदने आए नेपाली युवक समेत चार लोगों को हजारा पुलिस ने गिरफ्तार कर 34 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की है। मुख्य आरोपी टीम को देखकर भाग गया। पुलिस ने पांचों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पकड़े गए चारों आरोपियों का चालान कर दिया है।
सीओ आलोक सिंह ने बताया कि मंगलवार को हजारा एसओ ब्रजवीर सिंह पुलिस टीम और एसएसबी के साथ भारत-नेपाल सीमा पर पिलर 41 के पास गश्त कर रहे थे, तभी गांव बैल्हा में नेपाल के जिला कंचनपुर के थाना जिपार्का के विशालनगर जनता स्कूल के पास रहने वाले दीपन शाही के बाइक से ब्राउन शुगर खरीदने आने की जानकारी हुई। इस पर टीम ने गांव बैल्हा निवासी लक्ष्मन के घर छापा मारा।
पुलिस ने घर से दीपन शाही, लक्ष्मन के पिता कक्का सिंह, मां पालो कौर, बहन सुमन कौर को गिरफ्तार कर लिया, जबकि लक्ष्मन भाग गया। सीओ ने बताया कि तलाशी में इन लोगों के पास से 34 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। एसओ हजारा ब्रजवीर सिंह की ओर से पांचों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तार चारों आरोपियों का चालान करा दिया गया।