रेलवे जंक्शन पर लोगों को पानी की समस्या से जूझना पड़ रहा है। पखवाड़ा भर से मीटरगेज प्लेटफार्म पर पेयजल सप्लाई ठप है। मजबूरन रेल यात्रियों व वेंडरों को ब्राडगेज प्लेटफॉर्म से पानी भरकर लाना पड़ रहा है। रेलवे जंक्शन पर ब्राडगेज कार्य होने के चलते माना जा रहा था कि बड़ी रेल लाइन की ट्रेन चलने के बाद यहां के यात्रियों को भी अन्य स्टेशनों की तरह अत्याधुनिक सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा। ब्राडगेज के नाम पर साल भर के भीतर करोड़ों रुपये फूंक भी दिए गए, लेकिन इन सबके बीच रेल महकमे ने बड़ी रेल लाइन पर ट्रेनें तो चला दी, लेकिन सुविधाओं को पूरी तरह नजरंदाज कर दिया गया। रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म एक से ब्राडगेज ट्रेनों व प्लेटफार्म चार से मैलानी व शाहजहांपुर के लिए अभी भी मीटरगेज ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। मीटरगेज प्लेटफार्म पर भी शिफ्टिंग का कार्य चल रहा है। इधर ब्राडगेज कार्य के चलते करीब पखवाड़ा भर पूर्व मीटरगेज प्लेटफार्म पर जाने वाली पाइप लाइन कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गई थी। इसके बाद से पूरे मीटरगेज प्लेटफार्म पर पानी की सप्लाई ठप हो गई। इसकी जानकारी रेल अफसरों व कर्मचारियों को दी गई, लेकिन पखवाड़ा भर से अधिक समय बीतने के बाद भी यात्रियों की समस्या को तबज्जो दी गई। प्लेटफार्म पर पानी की दरकार लिए पहुंचने वाले यात्रियों को या तो प्यासे ही सफर करना पड़ रहा है या फिर उन्हें ब्राडगेज प्लेटफार्म जाकर पानी लाना पड़ रहा है। कमोवेश यही हाल वेंडरों का है। उन्हें भी दिन में करीब सौ लीटर पानी प्लेटफार्म एक से लाना पड़ रहा है। लगातार कई दिनों से पानी सप्लाई होने से यात्रियों व वेंडरों में खासा रोष देखा गया। मालूम हो कि मीटरगेज प्लेटफार्म पर करीब पांच वॉटर स्टैंड पोस्ट लगे हैं। यह सभी पिछले पखवाड़ा भर से ठप पड़े हुए हैं। यहां लगेे हैंडपंपों को ब्राडगेज कार्य के चलते उखाड़ दिया गया।