घुंघचाई। बहू और ससुर की मौत के बाद बुधवार को फॉरेंसिक टीम ने गांव में पहुंचकर जानकारी जुटाई। इसके साथ ही दोनों घटनास्थलों का मुआयना कर कुछ साक्ष्य भी जुटाएं। वहीं बुधवार रात पुलिस ने दोनों पक्षों से मिली तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
घुंघचाई थाना क्षेत्र के गांव गुलड़िया भूपसिंह में बीते सोमवार को पहले बहू और उसके कुछ देर बाद ससुर का फंदे से लटका शव मिला था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया था। विवाहिता के शव को उसके मायके पक्ष के लोग साथ ले गए थे, जबकि वृद्ध ससुर के शव का गांव में ही अंतिम संस्कार कर दिया गया था।
दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर हत्या का आरोप लगाकर पुलिस को तहरीर दी गई थी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी। बुधवार को फॉरेंसिक टीम ने गांव पहुंचकर जानकारी जुटाई। इसके साथ ही स्थानीय पुलिस के साथ दोनों घटनास्थल का मुआयना कर कुछ साक्ष्य भी जुटाए। थाना प्रभारी विशेष कुमार ने बताया फॉरेंसिक टीम ने गांव घटनास्थलों पर जाकर जांच पड़ताल की है।