शहर की राशन की दुकान पर मशीन नही चलने से राशन लेने के इंतजार में बैठे लोग । संवाद
पीलीभीत। राशन वितरण के लिए शासन ने ई-वेइंग मशीनें भेजी हैं। सभी दुकानदारों को इनके संचालन का प्रशिक्षण भी दिया जा चुका है। शुक्रवार को जब वितरण शुरू हुआ तो सर्वर दगा दे गया। सर्वर न चलने से कार्डधारकों को करीब पांच घंटे तक परेशान होना पड़ा।
शुक्रवार से राशन का वितरण पूरे जिले में शुरू किया गया। इस बार राशन नई मशीनों से ही बांटने के आदेश थे। सुबह से ही कार्डधारक अपने कोटे की दुकानों पर पहुंच गए। कार्ड जमा कर अपनी बारी का इंतजार करने लगे। जब वितरण के लिए मशीन चालू की गई तो सर्वर धोखा दे गया।
कई बार प्रयास के बाद भी काम शुरू नहीं हो सका। कार्डधारक कई घंटे तक दुकानोंं पर बैठे रहे। इसके बाद किसी तरह सर्वर चला भी तो अव्यवस्थाएं हावी रहीं। कई लोग इंतजार करने के बाद लौट गए। दुकानदारों का कहना था कि नई मशीन से काम नहीं हो पा रहा है। कार्ड धारकों को समझाने के प्रयास में नोकझोंक होती रही।
शहर की राशन की दुकान पर मशीन नही चलने से राशन लेने के इंतजार में बैठे लोग । संवाद