पीलीभीत/पूरनपुर। बांसुरी चौराहा फ्लाईओवर और हरदोई ब्रांच की शारदा नहर के ओवरब्रिज का निर्माण अगले माह से शुरू हो जाएगा। एनएच के एई दिलीप कुमार का कहना है कि 20 सितंबर के आसपास निर्माण कार्य शुरू हो सकता है। इससे पहले अफसर कागजी प्रक्रिया पूरी करने में लगे हैं।
असम चौराहे पर 99.52 करोड़ रुपये की लागत से फ्लाईओवर और हरदोई ब्रांच की नहर पर 27.41 करोड़ रुपये की लागत से ओवरब्रिज बनाने की टेंडर प्रक्रिया एनएचएआई (भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण) पूरी करा चुका है। टीम ने दोनों स्थलों का सर्वे भी कर लिया है। टेंडर प्रक्रिया में आगरा की एजेंसी को चुना गया है। असम चौराहा पर 650 मीटर लंबा फ्लाईओवर बनेगा। इसकी दोनों साइड में 210-210 मीटर की एप्रोच लाइन बनेेगी।
वहीं, हरदोई ब्रांच की शारदा नहर पर 74.8 मीटर लंबा ओवरब्रिज बनेेगा। दोनों साइड में 300-300 मीटर की एप्रोच रोड बनाई जाएगी। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद स्वीकृति के लिए एनएचएआई लखनऊ के चीफ इंजीनियर/रीजनल मैनेजर को भेजा गया है। अफसरों की मानें तो सड़क परिवहन मंत्रालय की मंशा है कि एग्रीमेंट और जमानत राशि जल्द जमा कराकर कार्य शुरू कराया जाए। सूत्रों के मुताबिक तो एग्रीमेंट तैयार हो गया है। मंत्रालय से हरी झंडी मिलते ही निर्माण कार्य शुरू हो सकता है।
पुल और फ्लाईओवर निर्माण की टेंडर प्रक्रिया पूरी हो गई है। आगरा के ठेकेदार के ही दोनों टेंडर हुए हैं। अगले महीने हर हाल में ठेकेदार को निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। -दिलीप कुमार, एई, एनएचएआई
नहर पुल पर खराब हुआ वाहन, जाम में फंसे कई वाहन
पूरनपुर। असम हाईवे के हरदोई ब्रांच नहर पुल पर पत्थर भरा ट्रक खराब होने से सोमवार को फिर जाम लगा। जाम में कई वाहन फंस गए। वाहनों की लंबी लाइनें लगी। करीब डेढ़ घंटे बाद जाम हटने पर वाहन चालकों ने राहत की सांस ली। असम हाईवे का हरदोई ब्रांच नहर पुल सकरा होने पर यहां अक्सर वाहनों को पहले निकालने की होड़ पर जाम लगता है। सोमवार सुबह करीब पांच बजे पुल से पत्थर लेकर निकल रहे एक ट्रक का एक्सल टूट गया।
इससे पुल के दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइनें लगीं। जाम की झाम में लोगों को करीब डेढ़ घंटे तक फंसा रहना पड़ा। बमुश्किल पुल से ट्रक हटने पर वाहनों का आवागमन शुरू हो सका। जाम को लेकर कई वाहन चालकों को दूसरे रास्ते से आवागमन करने पर कई किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ा। सवंाद
दोनों पुलों में दो अड़चनें, हल निकालने में जुटे अफसर
हरदोई ब्रांच की शारदा नहर पर पुल बनाने के लिए नहर के आसपास 46 पेड़ काटे जाने हैं। वन विभाग ने 19 लाख का एस्टीमेट दिया। स्टीमेट स्वीकृति के लिए सड़क एवं परिवहन मंत्रालय भेजा गया है। असम चौराहा पर दो पेच हैं। फ्लाईओवर की सर्विस लेन की एक साइड में पुलिस चौकी और दूसरी साइड में एक धार्मिक स्थल पड़ रहा है। सर्वे में उनको हटाने की बात कही गई है। अब एनएचएआई के अफसर जिला प्रशासन के साथ मिलकर इसका हल निकालने पर मंथन कर रहे हैं।