आदर्श आचार संहिता का पालन के दौरान कैश, प्रचार सामग्री आदि की चेकिंग को लेकर बनाए गए फ्लाइंग स्क्वायड पर डरा-धमकाकर वसूली करने का आरोप लगा है। खीरी के एक युवक ने पुलिस को तहरीर देकर मामले में कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस को दी तहरीर में लखीमपुर खीरी जिले के संपूर्णानगर क्षेत्र के प्रतापनगर मझरा निवासी बिट्टू ने बताया कि वह मंगलवार को वह अपनी टाटा 407 लेकर पूरनपुर से वापस घर जा रहा था। रामनगर तिराहे पर फ्लाइंग स्क्वायड की टीम ने गाड़ी को रोक लिया। जिसके बाद कागजात मौजूद न होने पर सीज करने की धमकी दी। इसके बाद काफी देर तक टीम के लोग दबाव बनाते रहे और बाद में दस हजार रुपये लेकर छोड़ दिया। पीड़ित ने मामले में वनविभाग व स्थानीय पुलिसकर्मियों को नामजद किया है। इंस्पेक्टर यतेंद्र बाबू भारद्वाज ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। सामने आए तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।