पूरनपुर के गांव चंदिया हजारा में भरा पानी। संवाद
- फोटो : PILIBHIT
पूरनपुर (पीलीभीत)। बनवसा बैराज से शारदा नदी में रविवार को छोड़े गए 1.35 लाख क्यूसेक पानी से नदी का जलस्तर बढ़ गया। जिस कारण रविवार रात को चंदिया हजारा गांव में पानी घुस गया। बाढ़ के खतरे को देखते हुए लोगों की रात जागते हुए कटी। तहसीलदार ने टीम के साथ गांव पहुंचकर कैंप किया। एसडीएम आशुतोष गुप्ता और विधायक बाबूराम पासवान ने गांव पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन की ओर से प्रभावित लोगों को खाना बंटवाया गया।
पहाड़ों पर बारिश होने और बनवसा बैराज से नदी में पानी रिलीज होने से शारदा नदी का जलस्तर बढ़ता है। रविवार कई चरणों में शारदा नदी में पानी रिलीज किया गया था। रविवार शाम को क्षेत्र में पानी पहुंचने की आशंका पर हल्का लेखपाल पांच बजे गांव में पहुंचे, ताकि लोगों को सतर्क करने के साथ बाढ़ आने पर इसकी सूचना अफसरों को दी जा सके। रविवार रात करीब 11 बजे गांव में पानी घुसने से बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए। कई घरों में तीन से चार फुट पानी भर गया। आबादी में पानी भरने की सूचना पर सोमवार सुबह पांच बजे तहसीलदार ध्रुव नारायण यादव टीम के साथ पहुंचे। सुबह साढ़े सात बजे एसडीएम आशुतोष गुप्ता ने गांव पहुंचकर बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया। विधायक बाबूराम पासवान ने भी गांव पहुंचकर स्थिति देखी। तहसीलदार गांव में कैंप किए हुए हैं। सोमवार दोपहर को प्रभावित लोगों को खाना बंटवाया गया। प्रधान बासुदेव कुंडू ने बताया कि गांव के अलावा सड़कों पर जलभराव होने से लोगों को पानी में घुसकर आवागमन करना पड़ रहा है।
--
200 परिवार हुए प्रभावित, छह परिवारों ने ली ऊंचे स्थान पर शरण
पूरनपुर। चंदिया हजारा के प्रधान वासुदेव कुंडू ने बताया कि गांव में पानी भरने से 200 परिवार प्रभावित हुए हैं। छह परिवारों के घरों में अधिक जलभराव होने से उनको ऊंचे स्थानों पर शरण दिलवाई गई। उनको खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई गई है।
--
नदी का जलस्तर बढ़ने पर शाम को ही कर्मचारियों को अलर्ट किया गया था। गांव चंदिया हजारा आबादी में पानी घुसने की सूचना पर सोमवार सुबह तहसीलदार को भेजा गया। मैं खुद गांव गया। पूर्ति विभाग की ओर से खाना बंटवाया गया है। बाढ़ की स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
-आशुतोष गुप्ता, एसडीएम