नदी की बाढ़ में फंसे लोगों को बाहर लाती पीएसी की टीम।स्रोत:प्रधान
कलीनगर। शारदा का जलस्तर बढ़ने के बाद नदी पार गौढ़ी पर मौजूद पांच ग्रामीण बाढ़ के पानी में फंस गए। सूचना के बाद पहुंचे एसडीएम और सीओ ने पीएसी को बुलाने के बाद बचाव अभियान शुरू कराया। तीन घंटे तक चले अभियान के बाद पीएसी की टीम ने पांचों ग्रामीणों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
कलीनगर तहसील के गांव सिमरा ताल्लुके महाराजपुर में कई ग्रामीण गौढ़ी का संचालन करते हैं। पशुओं की देखरेख के लिए लोग गौढ़ी पर रुक जाते हैं। शुक्रवार को शारदा का जलस्तर बढ़ने से गांव के धीरज, अनिल, सूरज, खरगसेन व मुन्ना गौढ़ी पर फंस गए। पानी अधिक बढ़ता देख ग्रामीणों की बेचैनी बढ़ गई। उन्होंने फोन कर परिजनों और ग्रामीणों को हालात बताए। बाद में रात को सभी का संपर्क टूट गया। इससे परिजन चिंतित हो उठे।
शनिवार को क्षेत्रीय प्रधान गुरुदयाल सिंह ने सूचना कलीनगर तहसील प्रशासन को दी। इसपर एसडीएम आशुतोष गुप्ता, तहसीलदार के साथ गांव पहुंचे और जानकारी जुटाई। स्थिति को देखते हुए एसडीएम ने सीओ पूरनपुर विशाल चौधरी को भी मौके पर बुला लिया। इसके बाद अफसरों के निर्देश पर पीएसी की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से बचाव कार्य शुरू किया।
करीब तीन घंटे तक चले अभियान के बाद पांचों ग्रामीणों को सुरक्षित नदी के बाहर निकाल लिया गया। एसडीएम आशुतोष गुप्ता ने बताया कि पांच ग्रामीणों बिल्कुल ठीक हैं।