मोबाइल शॉप से पांच लाख का माल उड़ा ले गए चोर
आसाम चौराहे पर पुलिस चौकी से चंद कदम दूर एक मोबाइल शॉप के ताले तोड़कर चोर नकदी और जेवर सहित करीब पांच लाख का माल उड़ा ले गए। दुकान मालिक को इसकी जानकारी बृहस्पतिवार सुबह को हुई। तहरीर मिलने पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। राजीव कॉलोनी निवासी सुनील कुमार सैनी की आसाम चौराहे पर मंडी समिति की दुकानों में मोबाइल शॉप है। सुनील के मुताबिक बुधवार रात दुकान बंद करते समय सब कुछ ठीक था। उन्होंने बृहस्पतिवार सुबह 9.30 बजे दुकान खोली तो अंदर सामान बिखरा पड़ा था पीछे की ओर रोशनदान ग्रिल तोड़ टूटा हुआ था। चोर दुकान में रखे दो लैपटॉप, 120 मोबाइल नए, 160 पुराने मोबाइल, गल्ले में रखे करीब साढ़े आठ हजार रुपये, मरम्मत के लिए दुकान में रखी सुनील की पत्नी की 20 ग्राम सोने की चैन, ईअर फोन, मोबाइल बैट्री समेत करीब पांच लाख का सामान ले गए। उन्होंने फोन से इसकी सूचना आसाम चौकी इंचार्ज व सुनगढ़ी थाना प्रभारी को दी। कुछ देर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल का मुआयना किया। पुलिस ने देखा कि रोशनदान में लगा वेंटिलेटर एवं मोबाइल के खाली कवर व डिब्बे दुकान के पीछे पड़े पाए गए। इंस्पेक्टर सुनगढ़ी हरगोविंद सिंह ने बताया कि चोर पीछे से रोशनदान से होकर दुकान में घुसे थे।