मध्य प्रदेश में किसान आंदोलन के दौरान हुई फायरिंग पर भाकियू ने कड़ी निंदा की है। घटना के विरोध में कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया और प्रधानमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन डीएम कार्यालय में सौंपा। जिसमें फायरिंग करने वालों पर हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की गई है। जिलाध्यक्ष सतविंदर सिंह काहलो के नेतृत्व में भाकियू कार्यकर्ता मंडी समिति के कृषक विश्रामगृह में एकत्र हुए। यहां पंचायत के बाद जुलूस के रूप में नारेबाजी करते हुए कलक्ट्रेट पहुुंचे। कार्यकर्ताओं ने कहा कि मध्य प्रदेश में अपने हक के लिए आंदोलन कर रहे निहत्थे किसानों पर पुलिस और सीआरपीएफ के जवानों ने फायरिंग की जिसमें पांच किसानों की मौत हो गई। किसानों के साथ हुई इस घटना की भाकियू ने निंदा की और इसके लिए दोषी अधिकारियों और गोली चलाने वाले जवानों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की। कलक्ट्रेट में कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम कार्यालय में सौंपा। इसमें जिलाध्यक्ष के साथ मंजीत सिंह, सूरत सिंह फौजी, बूटा सिंह, भजनलाल क्रोधी, वेद प्रकाश शर्मा, नरेंद्र कुमार पांडेय, दिनेश कुमार सहित कई कार्यकर्ता थे।