- महिला की तहरीर पर पुलिस ने पति के खिलाफ दर्ज की रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
बरखेडा। मामूली बात पर पति ने पत्नी की पहले जमकर पिटाई की। उसके बाद केरोसिन डालकर जलाने का प्रयास किया। चीख पुकार पर आसपास के लोगों के आने पर पति जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गया। पुलिस ने महिला की तहरीर पर पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
थाना खुदागंज क्षेत्र के गांव देवरास की रहने वाली दीपा कुमारी ने थाने में दी तहरीर में कहा है कि उसका विवाह 2013 में विनीत पुत्र सुरेश कुमार निवासी ग्राम पचपेड़ा के साथ हुआ था। आरोप है कि शादी के बाद से ही उसका पति छोटी-छोटी बातों को लेकर आए दिन गाली गलौज और मारपीट करता था। 25 मार्च को जब वह घर पर थी तभी उसका पति अपना सामान बैग में रखकर कहीं जाने लगा। पूछने पर वह आग बबूला हो गया और गाली गलौज कर मारपीट करने लगा। आरोप है कि उसके ऊपर केरोसिन डालकर जलाने का प्रयास किया गया। चीख पुकार पर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। इस पर पति जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति विनीत कुमार के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है।