पीलीभीत। नकटादाना चौराहे के पास शुक्रवार देर शाम दो पक्षों में हुए पथराव और फायरिंग के मामले में कोतवाली पुलिस ने दोनों तरफ से रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इसमें सात नामजद समेत कई अज्ञात हैं। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
कोतवाली क्षेत्र के सिविल लाइन नार्थ के रहने वाले मोहम्मद जावेद खां ने कोतवाली पुलिस को बताया कि उसने सिविल लाइन नार्थ में नदी के किनारे एक जमीन खरीदी थी। उसके साढू़ रियाज खां ठेके पर वहां की बाउंड्री का काम करा रहे थे। शुक्रवार सुबह साढ़े ग्यारह बजे रिजवान खां उर्फ गुड्डू और सलमान उर्फ बॉबी यहां आकर गाली गलौज करने लगे।
मौके पर मौजूद लोगों ने आपस में बीच बचाव करा दिया। इसके बाद शुक्रवार शाम को लगभग साढ़े सात बजे दोनों लोग अपने 25-30 अज्ञात साथियों के साथ पिछले गेट से घर के अंदर घुस आए और मारपीट शुरू कर दी। अवैध असलहों से फायरिंग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिजवान व सलमान समेत 25 से 30 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। दूसरे पक्ष के अब्दुल समद ने बताया है कि उसके सगे भांजे सलमान ने लगभग छह माह पूर्व अपने पड़ोस के दोस्त बिलाल खां को दो लाख पंद्रह हजार रुपये उधार दिए थे।
रुपये मांगने पर वह टालमटोल करने लगा। शुक्रवार को बिलाल ने उसे फोन कर अपने घर बुलाया। जब वह उनके घर पहुंचा तो वहां पहले से ही मौजूद बिलाल का भाई मोमिन, साहिल और पिता जावेद व परेवा वैश्य का रियाज मौजूद थे। सभी लोग उसके साथ गाली गलौज करने लगे। जब उसने इसका विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की। जब वह जान बचाकर भाग रहा था। तो उक्त लोगों ने उस पर जान से मारने की नियत से फायर भी कर दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर बिलाल, मोमिन, शाहिल, रियाज व जावेद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।