मजदूर के घर में बृहस्पतिवार रात अचानक आग लग गई। इससे घर में रखे हजार रुपये नकद और घरेलू सामान जल गया। ग्रामीणों ने बमुश्किल आग पर काबू किया। हालांकि आग लगने के पीछे कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी। माधोटांडा थाना क्षेत्र के जमुनिया खास गांव के रहने वाले प्रेमशंकर दो दिन पहले मजदूरी करने उत्तराखंड के खटीमा गए थे। घर में उनकी पत्नी कलावती व चार बच्चे हैं। बृहस्पतिवार रात करीब ढाई बजे उसके घर के छप्पर में आग लग गई। आग से हुई गर्माहट व धुआं होने पर कलावती की आंख खुल गई। उसने बच्चों समेत जैसे-तैसे बाहर भागकर जान बचाई। उसके शोर मचाने पर ग्रामीण जमा हो गए बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने लगे। इस बीच दमकल टीम भी मौके पर पहुंच गई और आग पर काबू कर लिया। कुछ ही देर में पुलिस व राजस्व टीम भी पहुंच गई और हादसे की जानकारी कर नुकसान का आंकलन किया। आग लगने का पता लगने पर प्रेमशंकर शुक्रवार सुबह गांव पहुंच गया। प्रेमशंकर ने बताया कि हादसे में 30 हजार रुपये नकद, चारपाई, कपड़े, अनाज समेत हजारों रुपये का घरेलू सामान जल गया है।